कौशल विकास शिविर सम्पन्न, 18 जुलाई को आगामी शिविर सलका में..

पटना/बैकुंठपुर– कोरिया कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला परियोजना लाइवलिहुड कॉलेज चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत मुख्यकार्यपालन अधिकारी सह संचालक डीपीएलसी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के निर्देशन में 16 जुलाई को नगर पंचायत पटना के सभा कक्ष में कौशल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 23 ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायत पटना को शामिल किया गया। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवक युवतियों को विभिन्न विधाओं में जैसे राजमिस्त्री,प्लंबर,कारपेंटर, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, सोलर इनस्टॉलेशन टेक्नीशियन, योगा इंस्ट्रक्टर,मोटर मैकेनिक वह मोटर ड्राइवर, मशरूम उत्पादन जैसे रोजगार मूलक गतिविधियों में प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराया जाना है।आयोजित कौशल विकास शिविर में 30 अभ्यर्थियों का आवेदन पत्र प्राप्त हुये। सूत्र बताते है कि कई ग्राम पंचायतों से कोई भी आवेदन पत्र प्राप्त नहीं हुए, ऐसे ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे विभिन्न ट्रेड़ों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करें तथा तीन दिवस के भीतर आवेदन पत्र भरवा कर कार्यालय जनपद पंचायत में जमा करें। आगामी कौशल शिविर 18 जुलाई को लाइवलिहुड कॉलेज सलका में रखी गई है जिसमें ग्राम पंचायत सलका सलवा,भंडारपारा, सारा, गदबदी, अमरपुर,पोटेडांड, मनसुख, डोहडा,चिल्का एवं बस्ती शामिल है। आगामी शिविर में अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को भाग लेने के लिए अपील की गई है।कौशल शिविर में लाइवलिहुड कॉलेज प्राचार्य ए. पन्ना,बी पी ओ विजय बाजपेयी, संदीप साहू एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button