छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट पर कांग्रेस का तीखा हमला, अविनाश पाठक बोले – सिर्फ घोषणात्मक, पूरी तरह निराशाजनक

कोरिया// छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत बजट को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अविनाश पाठक ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित नजर आता है और इसमें आम जनता, किसान, मजदूर एवं युवाओं के लिए कोई ठोस नीति निर्धारित नहीं की गई है।
अविनाश पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने का वादा दोहराया गया है, लेकिन उसे धरातल पर उतारने के लिए न तो स्पष्ट कार्ययोजना दिखाई देती है और न ही पर्याप्त वित्तीय प्रावधान। कर्जमाफी, सिंचाई संसाधनों के विस्तार और कृषि लागत कम करने जैसे मुद्दों पर भी बजट में कोई ठोस प्रावधान स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता त्रस्त है, लेकिन उसे नियंत्रित करने या राहत देने के लिए बजट में कोई प्रभावी कदम नजर नहीं आता। मजदूर वर्ग और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए भी कोई विशेष सुरक्षा या कल्याणकारी योजना घोषित नहीं की गई।
युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन और सरकारी भर्तियों के संबंध में बजट में कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिया गया है। केवल सामान्य घोषणाएं की गई हैं, जबकि प्रदेश का युवा वर्ग ठोस अवसरों की अपेक्षा कर रहा था।
अनियमित कर्मचारियों के मुद्दे पर भी कांग्रेस प्रवक्ता ने निराशा जताई। उन्होंने कहा कि वर्षों से नियमितीकरण की मांग कर रहे कर्मचारियों के हित में बजट में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
अंत में अविनाश पाठक ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट विकास की ठोस दिशा देने में असफल रहा है। आम जनता की उम्मीदों पर खरा न उतरने वाला यह बजट पूरी तरह घोषणात्मक और निराशाजनक कहा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button