बिजली दरों में बढ़ोतरी,कांग्रेस का हल्लाबोल, सोनहत विद्युत कार्यालय का किया घेराव..

छत्तीसगढ़ प्रदेश में लगातार बढ़ती बिजली दरों, स्मार्ट व प्रीपेड मीटर से होने वाली मनमानी बिलिंग और अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार 18 जुलाई 2025 को सोनहत विद्युत कार्यालय का घेराव किया गया। घेराव कार्यक्रम पूर्व विधायक गुलाब कमरो के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें जिला पंचायत सदस्य व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश सिंह भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को भेजे गए आवेदन में कहा कि – पिछले डेढ़ वर्षों में चार बार बिजली दरों में की गई बेवजह वृद्धि से आम जनता, विशेषकर गरीब, मध्यमवर्गीय तथा कृषक वर्ग पर आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट तथा नॉन-डोमेस्टिक उपभोक्ताओं के लिए 25 पैसे प्रति यूनिट की दर से बढ़ोतरी कर दी गई है। साथ ही स्मार्ट व प्रीपेड मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से मनमानी बिलिंग वसूली जा रही है, वहीं बिजली कटौती की समस्या से जनता त्रस्त है।
उन्होंने मांग की कि अनावश्यक दर वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए, स्मार्ट मीटर बिलिंग पर रोक लगे तथा गरीबों-मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
इस बिजली न्याय आंदोलन के तहत हुए घेराव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता –
घूर साय राजवाड़े, दरोगी राजवाड़े, निलेश साहू, राज बहादुर, विनोद कुमार, वीरेंद्र साहू, सूरज कुमार, सुंदरलाल, शिवरतन चिकनजुरी, अविनाश पाठक, राजेश, अक्षय लाल, सोमेश्वर, प्रकाश चंद्र साहू, मंगल राजवाड़े, देव चौधरी, मार्शल, राजेंद्र रजक, शिवकुमार, रामेश्वर साहू, रमेश राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
घेराव के दौरान बिजली कार्यालय के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया और जल्द कार्यवाही की मांग रखी गई।




