पहली बार कोरिया में पुलिस कर्मियों के लिए तनाव प्रबंधन कार्यशाला आयोजित..

अभिनव पहल जिले में पहली बार कोरिया पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव से राहत दिलाने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस द्वारा एक दिवसीय तनाव प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के संचालन में आयोजित इस कार्यशाला में पुलिस कर्मियों को तनाव से निपटने के प्रभावी तरीके बताए गए।
जिला के रक्षित आरक्षित केंद्र बैकुंठपुर में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने तनाव के कारण, उसके प्रभाव तथा उससे बचाव के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
वक्ताओं ने बताया कि नियमित दिनचर्या, सकारात्मक सोच, योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक तनाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को कार्य और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने की भी सलाह दी।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्र को गंभीरता से सुना और बताए गए उपायों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने इसे बेहद उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से करने की आवश्यकता पर जोर दिया।




