छ.ग श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की संभाग स्तरीय बैठक कोरिया में,नवीन कार्यकारिणी का गठन तय..

बैकुंठपुर / छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की सरगुजा संभाग स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक 20 जुलाई को कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें कोरिया जिले की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया जाना तय है। बैठक में पत्रकार हित और समाज कल्याण पर गहन विमर्श होगा।
बैठक की अध्यक्षता सरगुजा संभाग अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता करेंगे। उन्होंने बताया कि – कोरिया जिले में संगठन का विस्तार एक नई ऊर्जा के साथ किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य न केवल पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना है बल्कि समाजहित में भी संगठन को मजबूत भूमिका में लाना है।
उन्होंने कहा कि – मैं पूर्व में कोरिया जिला अध्यक्ष के पद पर रह चुका हूँ। उस दौरान पत्रकार हित और समाज कल्याण से जुड़े कई कार्य किए गए। हालांकि कुछ व्यक्तिगत कारणों से बीते 2-3 साल संगठन में सक्रिय नहीं रह सका, लेकिन संगठन की उच्चस्तरीय नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा जताते हुए संभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ ही चुनौती भी है, जिसे मैं पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।
इस बैठक में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा सहित अन्य जिलों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल होंगे। बैठक की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। संभागभर के पत्रकार इस मौके पर जुटेंगे और विचारों का आदान-प्रदान करेंगे, जिससे संगठनात्मक मजबूती के साथ पत्रकार हित के कार्यों को नया आयाम मिलेगा।
संभाग अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता ने सभी पत्रकार साथियों से बैठक में समय पर उपस्थित होकर अपनी सक्रिय भागीदारी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि – यह संगठन पत्रकारों की ताकत है और समाज के लिए भी एक सशक्त माध्यम है। आने वाले दिनों में संगठन की सक्रियता से अनेक रचनात्मक कार्य और नई पहलें देखने को मिलेंगी।




