निर्माणाधीन शासकीय दुकान पर अवैध कब्जे का मामला, सरपंच ने विधायक से की शिकायत..

कोरिया(छत्तीसगढ़)
सोनहत जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत रजौली में निर्माणाधीन शासकीय दुकान पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पंचायत की सरपंच बसंती बाई ने क्षेत्रीय विधायक रेणुका सिंह को ज्ञापन सौंपकर कब्जा हटाने की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि ग्राम पंचायत द्वारा बाजार क्षेत्र में दो शासकीय दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था, जो अभी अधूरा है। इसी दौरान ग्राम के ही राकेश सोनी द्वारा उक्त निर्माणाधीन दुकान को अपना प्रधानमंत्री आवास बताते हुए जिओ टैग करवा लिया गया और फर्जी तरीके से आवास की राशि भी आहरित कर ली गई।
सरपंच का आरोप है कि राकेश सोनी ने रातों-रात निर्माणाधीन दुकान में अपना व्यापारिक सामान रखकर उस पर अवैध कब्जा कर लिया है। मामले को लेकर पहले भी स्थानीय और जिला प्रशासन को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नतीजतन दुकान निर्माण अधर में लटका हुआ है और पंचायत को राजस्व हानि का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में विधायक रेणुका सिंह से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की गई है।




