बोल बम जयकारे के साँथ निकली कांवर यात्रा,मुस्लिम भाइयों ने फूल बरसा कर किया स्वागत..

कोरिया/बैकुंठपुर
सावन माह में भगवान शिव को समर्पित भव्य कांवर यात्रा में इस बार आस्था, भक्ति और भाईचारे का एक अद्वितीय संगम देखने को मिला। जिले के प्रेमाबाग स्थित शंकर भगवान मंदिर में श्रद्धालुओं ने पहले विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इसके बाद देवरहा बाबा सेवा समिति के अध्यक्ष शैलेश शिवहरे के नेतृत्व में कांवरियों का दल गेज नदी की ओर रवाना हुआ, जहाँ से सभी ने पवित्र जल भरकर छुरीगढ़ धाम की ओर कूच किया।
सैकड़ों की संख्या में भक्तजन हाथों में कांवर लिए बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों के साथ अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से यात्रा में सम्मिलित हुए। श्रद्धालुओं के कदम एक लय में आगे बढ़ते नजर आए, मानो हर कण में शिवमय वातावरण समाया हो।
यात्रा के दौरान क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत में कुछ स्थानों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने भी श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर भाईचारे का संदेश दिया, जो क्षेत्र में आपसी सौहार्द की मिसाल बन गया।




