वार्ड नं. 12 में नालियों की बदहाली से घरों में घुसा पानी, परेशान लोगों ने किया सोशल मीडिया पर वायरल..

बारिश ने खोली बैकुंठपुर नगरपालिका की पोल
कोरिया। बैकुंठपुर शहर में हुई तेज बारिश ने एक बार फिर नगर पालिका की लापरवाही उजागर कर दी। रविवार को हुई करीब 3 घंटे की झमाझम बारिश से नगरपालिका कार्यालय के पीछे स्थित वार्ड नंबर 12 के रहवासी बुरी तरह परेशान हो गए।
नालियों की सफाई समय पर नहीं होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी सीधे लोगों के घरों में घुस गया। स्थिति ऐसी रही कि परिवारों को अपना घरेलू सामान बचाने के लिए घंटों जद्दोजहद करनी पड़ी। महिलाएं और बच्चे भी बाल्टी और टब लेकर पानी बाहर निकालते नज़र आए।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि नाली जाम होने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति होती है, लेकिन नगर पालिका कोई ठोस कदम नहीं उठाती। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजों पर सफाई दिखाकर अपनी जिम्मेदारी निभा देते हैं, जबकि वास्तविक स्थिति जमीन पर बेहद खराब है।
इस बार नाराज़ रहवासियों ने खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे समस्या चर्चा का विषय बन गई है। वायरल वीडियो में लोग अपने घरों में घुसे पानी को बाहर निकालते नज़र आ रहे हैं।
रहवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही नालियों की सफाई और पक्की जल निकासी व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में हालात और भी बिगड़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
नगरवासियों का सवाल है कि जब महज 3 घंटे की बारिश में शहर डूबने लगता है, तो लगातार बारिश होने पर हालात कितने भयावह होंगे?




