हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा जंगल, श्रद्धा और प्रकृति का अद्भुत संगम..

सावन के पहले सोमवार पर वनांचल शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा जंगल, श्रद्धा और प्रकृति का अद्भुत संगम

कोरिया/ सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही भगवान शिव के दरबारों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। बैकुंठपुर सोनहत मार्ग पर घने जंगलों के बीच स्थित प्रसिद्ध वनांचल शिव मंदिर में आज सावन के पहले सोमवार पर विशेष श्रद्धा देखने को मिली।

बैकुंठपुर से लगभग 10 किलोमीटर दूर इस शिवधाम में तड़के भोर से ही दूर-दूर से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर प्रांगण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, धतूरा और दूध अर्पित कर विधिवत रुद्राभिषेक किया।

यह मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा हुआ है। चारों ओर हरियाली, ऊंचे साल-सागौन के वृक्ष और शांति का वातावरण यहां आने वाले हर भक्त को आध्यात्मिक ऊर्जा और सुकून प्रदान करता है।

भक्तों का कहना है कि जंगलों के बीच बसा यह मंदिर भोलेनाथ का सबसे प्यारा स्थान है। मान्यता है कि जो भी यहां सच्चे मन से जल चढ़ाता है उसकी हर मनोकामना पूर्ण होती है। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा – सभी ने भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति और स्वास्थ्य की कामना की।
सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिर परिसर का नजारा अलौकिक हो गया। भक्तों की भीड़, गूंजते मंत्रोच्चार और शंखनाद से वातावरण शिवमय बन गया।

Related Articles

Back to top button