रात में डीजल चोरी की बढ़ती वारदात,6 बड़े वाहनों के डीजल टैंक के कटे पाइप..

कोरिया के सोनहत थाना क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल चोरी की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। पूर्व में जहां छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं सामने आती थीं, वहीं अब चोर बड़े पैमाने पर हाथ साफ कर रहे हैं। 19 जुलाई की रात कटगोड़ी ग्राम पंचायत के रिखई चौक के पास खड़ी 4 जेसीबी और 2 टिपर वाहनों का डीजल टैंक पाइप काटकर अज्ञात चोरों ने करीब ढाई सौ से तीन सौ लीटर डीजल पार कर दिया।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात बाहरी चोर गिरोह द्वारा अंजाम दी गई है। घटना के बाद टिपर वाहन संघ अध्यक्ष ने कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि –
पहले भी समय-समय पर छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं सामने आती रहीं, लेकिन पुलिस की कोई सक्रियता देखने को नहीं मिली। अब हालात ये हैं कि बड़ी से बड़ी घटनाएं होने लगी हैं, जिससे हम वाहन मालिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस गश्ती को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि जल्द ही पुलिस प्रशासन ने सक्रियता नहीं दिखाई तो वाहन मालिक आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
टिपर संघ अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाने की अपील भी की है ताकि वाहन मालिकों व चालकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।




