मनरेगा बचाओ संग्राम: कांग्रेसियों की दहाड़, केंद्र के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी..

कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के छिंदड़ाड में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय घेराव के लिए मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी बैरिकेट्स पार कर कलेक्टर कार्यालय परिसर के गेट तक पहुंचे, जहां अपर कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में संचालित करने की मांग की गई।
इस विरोध प्रदर्शन में कोरिया जिले के दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष शामिल रहे। हाथों में तख्तियां और जुबां पर नारे लेकर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
छिंदड़ाड में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इस योजना से गांवों में रोजगार के अवसर मिलते हैं, पलायन पर रोक लगती है और गरीब परिवारों को आजीविका का मजबूत सहारा मिलता है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा अधिनियम को कमजोर करने और इसमें कटौती करने से ग्रामीण तबका सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है।
सभा के दौरान वीबीजी रामजी योजना से जुड़ी कथित हानियों का भी जिक्र किया गया। नेताओं ने कहा कि इन योजनाओं में बदलाव और संसाधनों में कटौती से गरीब, मजदूर और ग्रामीण वर्ग सबसे ज्यादा नुकसान उठा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने एक स्वर में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मनरेगा को पूरी मजबूती के साथ लागू रखने और ग्रामीण हितों की रक्षा करने की मांग दोहराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button