जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने मुख्यमंत्री को सौपा ज्ञापन, अधूरी सड़क, बिजली और नेटवर्क से जूझ रहा वनांचल..

जिला पंचायत कोरिया की संचार–सम्पर्क निर्माण समिति के सभापति सुरेश कुमार सिंह ने जिले के आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों में वर्षों से अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने स्पष्ट किया है कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई कार्य अधूरे होने के कारण क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत बंशीपुर, ग्राम पंचायत नवाटोला एवं ग्राम पंचायत चंदहा में विद्युत संबंधी कार्य अब तक अधूरे हैं, जिससे ग्रामीणों को नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। बिजली के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई, घरेलू कार्य एवं छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
इसके साथ ही आदिवासी बाहुल्य वनांचल क्षेत्र रामगढ़ में स्थापित बीएसएनएल टावर आज तक प्रारंभ नहीं हो पाया है। नेटवर्क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को संचार सेवाओं, ऑनलाइन कार्यों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में चकडांड से धुमाड़ांड तक अधूरी सड़क का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। सड़क निर्माण अधूरा होने के कारण बरसात के मौसम में आवागमन लगभग बंद हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल और शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने में भारी कठिनाई होती है।
इसके अलावा ग्राम ललमटिया, ग्राम पंचायत भैसवार में पहुंच विहीन क्षेत्र में एक आरसीसी पुलिया निर्माण की मांग की गई है। पुलिया के अभाव में स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं गर्भवती माताओं को अस्पताल पहुंचने में अत्यधिक परेशानी होती है। पुलिया निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक समय पर पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।
सुरेश कुमार सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इन सभी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए और निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाएं, ताकि आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों की जनता को शासन की मूलभूत सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और जनता का शासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा। क्षेत्र की जनता ने भी मुख्यमंत्री से शीघ्र सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button