सीएम की मीडिया ब्रीफिंग में बदइंतजामी, पत्रकारों को नहीं सुनाई दिया बयान साउंड व्यवस्था रही गुल..

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कोरिया प्रवास के दौरान दूसरे दिन सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक की जिसके बाद आयोजित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रेस वार्ता अव्यवस्था के कारण चर्चा का विषय बन गई। जनसंपर्क विभाग द्वारा पत्रकारों को कार्यक्रम के लिए लगभग दो घंटे पहले ही बुला लिया गया था, लेकिन मौके पर समुचित व्यवस्थाएं नहीं होने से पत्रकारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज गर्मी और उमस के बीच पत्रकार लंबे समय तक मुख्यमंत्री के आने का इंतजार करते रहे। कई पत्रकार पेड़ों की छांव में बैठकर समय बिताने को मजबूर रहे। प्रेस वार्ता शुरू होने के बाद भी व्यवस्थाएं संतोषजनक नजर नहीं आईं।
कार्यक्रम स्थल पर माइक आईडी रखने के लिए स्टैंड की व्यवस्था नहीं की गई थी और साउंड सिस्टम भी ठीक तरह से संचालित नहीं हो सका। इसके कारण मौजूद पत्रकार मुख्यमंत्री के वक्तव्य को स्पष्ट रूप से सुन नहीं पाए। लगभग 50 से अधिक पत्रकार कार्यक्रम में मौजूद थे, जिन्हें माइक आईडी रखने के लिए आपसी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा।
प्रेस वार्ता के दौरान करीब आधे घंटे तक पत्रकारों के बीच अव्यवस्था और हलचल का माहौल बना रहा। विशेष रूप से प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकारों को मुख्यमंत्री की बात सुनने में अधिक परेशानी हुई। इस पूरे घटनाक्रम ने जनसंपर्क विभाग की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




