भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के मांग पर रामगढ़ वनांचल में बिजली पहुंचाने की कवायद तेज..

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हरकत में विभाग, एमडी सहित टीम करेगी मैदानी अध्ययन
कोरिया जिले के दूरस्थ रामगढ़ वनांचल क्षेत्र में बिजली विस्तार को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। कोरिया प्रवास के दौरान उठाई गई मांग पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग को सर्वे के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अब जमीनी स्तर पर पहल शुरू हो गई है।
भाजपा मंडल सोनहत के अध्यक्ष राजाराम राजवाड़े और पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत मांग को जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने प्रमुखता से रखा था। इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने अमृतपुर में सर्वे शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह शिविर शुक्रवार को लगाया जाएगा।
शिविर में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, रायपुर के प्रबंध निदेशक (एमडी) सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जो क्षेत्र की स्थिति का आकलन कर आगे की योजना तय करेंगे।
इसके पूर्व अमृतपुर में स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीई, जेई आयाम और गजरूप सिंह की मौजूदगी में संभावित बिजली विस्तार के मार्ग और तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया गया।
लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे इस वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को अब बिजली पहुंचने की उम्मीद जगी है। यह पहल क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।




