बारिश के दौरान पीड़ित किसानों से मिलने पहुचे जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह कहा सुख – दुख में हमेशा साथ खड़ा हूँ

कोरिया / किसानों के हक और अधिकार के लिए संघर्षरत कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सोनहत व जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने कहा कि किसानों का सुख हो या दुख, हर परिस्थिति में वे किसानों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनका हक दिलाकर ही चैन लूंगा।

यह बात उन्होंने ग्राम पंचायत चकड़ाड के दौरे के दौरान कही। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले फॉरेस्ट विभाग द्वारा राजस्व भूमि में किसानों द्वारा तैयार किए गए धान के खेतों को जेसीबी मशीन से नष्ट कर दिया गया था। इस घटना के बाद किसानों में रोष व्याप्त था। खेतों के नष्ट होने के बाद बरसात के इस मौसम में किसानों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। खेतों को बचाने के लिए किसानों ने कई बार गुहार लगाई थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

पूर्व विधायक गुलाब कमरों जी के निर्देश पर जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह स्वयं बरसते पानी में किसानों के खेतों तक पहुंचे और खेतों की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि हर स्तर पर न्याय दिलाने के लिए वे प्रयासरत हैं।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोनहत राकेश साहू के निर्देश पर एक संयुक्त टीम गठित कर जांच की गई। जांच टीम में राजस्व निरीक्षक (RI) छत्रसेन, हल्का पटवारी अरुण पैकरा , पटवारी वेदप्रकाश साहू एवं बिट गार्ड राजू सिंह शामिल थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर राजस्व रिकॉर्ड और भूमि की स्थिति का निरीक्षण किया तथा किसानों से घटना की पूरी जानकारी ली।

सुरेश सिंह ने कहा कि वन मंडल अधिकारी कोरिया की हाल ही में आयोजित वन समिति बैठक में उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा है। उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम के तहत किसानों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चर्चा की गई। वन मंडल अधिकारियों ने समिति के प्रस्ताव में इस विषय को शामिल किया है और जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनके साथ अन्याय किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उनकी मेहनत को यूं ही मिट्टी में मिलाना अमानवीय कृत्य है। मैं किसानों के हक और अधिकार के लिए हर मंच पर आवाज उठाता रहूंगा और न्याय दिलाकर ही रहूंगा।

ग्राम चकड़ाड के किसानों ने सुरेश सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से उन्हें न्याय की उम्मीद बंधी है और वे उनके संघर्ष में साथ हैं।

Related Articles

Back to top button